Innova Taxi Plunges into Alaknanda River Near Devprayag on Badrinath Highway, Rescue Operation Underway
- राहत-बचाव अभियान जारी
देवप्रयाग/टिहरी@Rashtriy Vichar। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना देवप्रयाग क्षेत्र के अंतर्गत चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक इनोवा टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे टैक्सी अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा और सीधे अलकनंदा नदी में समा गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन एक इनोवा टैक्सी है। हालांकि वाहन में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। प्रशासन वाहन और यात्रियों से संबंधित जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमों ने युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। अलकनंदा नदी के तेज बहाव और दुर्गम भूभाग के कारण राहत कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, बावजूद इसके बचाव दल लगातार वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से संबंधित अधिकृत और विस्तृत जानकारी उपलब्ध होते ही सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
