- नृत्य-संगीत की सुरमयी शाम: हिमोत्सव में छात्रों-कर्मचारियों की शानदार प्रस्तुतियों ने जीता दिल
डोईवाला@ रा.वि. । जॉलीग्रांट स्थित Swami Rama Himalayan University में आयोजित तीन दिवसीय स्थापना दिवस समारोह ‘हिमोत्सव–2026’ का रंगारंग समापन हो गया। अंतिम दिन विश्वविद्यालय परिसर उत्तराखंड की लोक संस्कृति, संगीत और नृत्य के भव्य उत्सव में बदल गया, जहां विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक गुरु Swami Rama के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत पद्मश्री कलाकार की शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद एचसीएन की हिमानी और नेहा ने “नमामि नमामि” पर युगल गीत प्रस्तुत किया, जबकि स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज की आस्था ग्रुप ने हरियाणवी गीत पर ऊर्जावान नृत्य से समां बांध दिया।
कॉलेज ऑफ नर्सिंग की भाविका और उनकी टीम ने रेट्रो बॉलीवुड डांस से दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. रजनीश ने कविता पाठ कर सांस्कृतिक संध्या में साहित्यिक रंग घोला। स्कूल ऑफ बायोसाइंसेज की मुस्कान ग्रुप ने दक्षिण भारतीय संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि आरडीआई की शिखा और टीम ने नेपाली गीत पर आकर्षक प्रस्तुति दी।
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज की शोभा और टीम ने “गरज-गरज” पर सेमी-क्लासिकल नृत्य से खूब तालियां बटोरीं। वहीं हॉस्पिटल की वैष्णवी ग्रुप ने होली नृत्य प्रस्तुत किया और मानव संसाधन विभाग की पूजा, रीतिका, शशि व टीम ने गढ़वाली गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा तृप्ति टीम ने बंगाली नृत्य, निशांत और समूह ने “अवारी” पर डांस तथा रौनक और टीम ने पंजाबी डांस से माहौल को और रंगीन बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एसवाईएस और एसएसएस की प्रियंका व टीम की भगवान विष्णु के अवतारों पर आधारित भव्य नृत्य नाटिका रही। सोलो सिंगिंग में पीहू, मुकेश, प्रदीप शर्मा, मुकेश पंवार, मनीष गौर, परमजीत बिंद्रा, सुधीर जोशी, गर्व, शैलन्या और वैष्णव ने अपनी मधुर आवाज से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष Vijay Dhasmana ने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि यहां पढ़ने वाले युवा अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहें। उन्होंने कहा कि ‘हिमोत्सव’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और इस वर्ष का आयोजन पूरी तरह सफल रहा।
