- चार दिन तक गूंजा खेलों का उत्साह: नीलकंठ हाउस बना ओवरऑल चैंपियन
- नशे को ना, खेल को हां” संदेश के साथ
देहरादून@रा. वि.। देहरादून स्थित CIMS & UIHMT Group of Colleges में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2025–26 का शुक्रवार को उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ भव्य समापन हो गया। “नशे को ना, खेल को हां” थीम पर आयोजित इस स्पोर्ट्स मीट में चार दिनों तक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में Geeta Dhami (अध्यक्ष, सेवा संकल्प फाउंडेशन) और Ajay Singh(एसएसपी एसटीएफ देहरादून) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, संयुक्त निदेशक विधि गिरीश पंचोली, पैनेसिया अस्पताल के निदेशक रणवीर चौहान और राजेश जैन शामिल रहे। इस अवसर पर संस्थान के सीएमडी रमेश चंद्र जोशी भी मौजूद रहे।

समारोह के दौरान एनसीसी कैडेट्स, पाइप बैंड और छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथियों ने परेड की सलामी लेते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। अनुशासन और जोश से भरी इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बना दिया।
मुख्य अतिथि गीता धामी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों के उत्साह को देखते हुए उन्होंने स्वयं भी महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिता में भाग लेकर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का संदेश भी दिया गया।
वहीं आईपीएस अजय सिंह ने कहा कि कॉलेज जीवन में होने वाली खेल प्रतियोगिताएं जीवनभर याद रहने वाले अनुभव देती हैं। उन्होंने युवाओं से खेल-कूद में सक्रिय भागीदारी कर फिट रहने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की अपील की।
प्रतियोगिता के समग्र परिणामों में नीलकंठ हाउस ने 11 स्वर्ण, 11 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 28 पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। नंदा देवी हाउस ने 24 पदकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि त्रिशूल हाउस 22 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, खो-खो और रिले दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर संजय जोशी, प्रशासनिक डायरेक्टर केदार सिंह, उत्तराखंड डिफेंस एकेडमी के डायरेक्टर मेजर ललित सिंह, कर्नल जे. एस. नेगी, सीआईएमएस कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रधानाचार्या चेतना गौतम सहित विभिन्न शिक्षकगण और 1500 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
