Kedarnath Accident Victim Gets New Hope After 4-Hour Complex Neuro Surgery at Srinagar Base Hospital
- चार घंटे की जटिल न्यूरो सर्जरी से बची 18 वर्षीय युवक की जान
श्रीनगर गढ़वाल@RASHTRIY VICHAR। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल दिल्ली निवासी 18 वर्षीय युवक की जिंदगी बचाने के लिए हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल, श्रीकोट श्रीनगर के न्यूरो सर्जरी विभाग ने चार घंटे तक चली जटिल सर्जरी कर नई उम्मीद जगाई है। युवक के सिर में धंसी हड्डी को विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक निकाल दिया। फिलहाल मरीज आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर है और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी सत्यम केदारनाथ यात्रा के दौरान सिर पर भारी पत्थर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे बेहोशी की हालत में अगस्त्यमुनि से श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर किया गया। सीटी स्कैन में सिर की हड्डी टूटकर मस्तिष्क में धंसी मिली, जिसके बाद तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।
बुधवार देर रात शुरू हुई इमरजेंसी न्यूरो सर्जरी करीब चार घंटे चली। न्यूरो सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. देवेंद्र कुमार और डॉ. प्रभात पुरोहित के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने सफल ऑपरेशन किया। एनेस्थीसिया विभाग और नर्सिंग टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बेस अस्पताल श्रीनगर का न्यूरो सर्जरी विभाग इससे पहले भी कई जटिल मामलों में सफलता हासिल कर चुका है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गंभीर दुर्घटनाओं के मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ उपचार मिलने से समय पर इलाज और जीवन बचाने की संभावनाएं बढ़ी हैं।
