- रसोई गैस बनी ‘ब्लैक गोल्ड’, कार्रवाई न हुई तो जनआंदोलन की चेतावनी
वाचस्पति रयाल @ नरेंद्रनगर। हल्द्वानी क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और कृत्रिम किल्लत को लेकर जनाक्रोश बढ़ने लगा है। इस मामले में स्वराज हिन्द फौज के संस्थापक अध्यक्ष सुशील भट्ट तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति कुमाऊं मंडल के अध्यक्ष हरीश पाल ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए सुशील भट्ट ने बताया कि उनके और डॉ. हरीश पाल के संयुक्त नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन पंकज भट्ट (एसपी सिटी, हल्द्वानी) को सौंपा। ज्ञापन में हल्द्वानी क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और ब्लैक मार्केटिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर बाजार में कृत्रिम संकट पैदा कर रहे हैं। इसके चलते आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है और कई स्थानों पर गैस सिलेंडर लगभग दो हजार रुपये तक ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बेहद चिंताजनक है, क्योंकि एलपीजी गैस उनकी रसोई की बुनियादी जरूरत है।
डॉ. हरीश पाल ने प्रशासन से मांग की कि कालाबाजारी और अवैध भंडारण में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए, ताकि इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
इस अवसर पर सुशील भट्ट ने कहा कि गैस सिलेंडर केवल एक वस्तु नहीं बल्कि हर परिवार की रसोई की जीवनरेखा है। कुछ लोगों द्वारा निजी लाभ के लिए गैस की कृत्रिम कमी पैदा करना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि समाज और मानवता के साथ भी अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अवैध स्टॉक को तत्काल जब्त कर आम जनता तक गैस की आपूर्ति सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जनता के हित में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. हरीश पाल, सुशील भट्ट, के.एस. कांडपाल, पी.सी. दानी, डी.एन. जोशी, भुवन तिवारी, प्रकाश जोशी, भास्कर साह, विकास कुमार, पवन अर्पित पाल और अमित सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
