Kumbh 2027 and Kanwar Yatra Preparations: Sonika Directs NHAI to Speed Up Construction Work
- संसाधन और वाहन बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश
- अव्यवस्था पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
- डीएम ने भी दी चेतावनी
हरिद्वार@Rastriy Vichar#Kanvad Mela#। कुंभ मेला 2027 और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों के बीच मेलाधिकारी सोनिका ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं। एचआरडीए सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुंभ क्षेत्र में चल रही सभी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि कांवड़ यात्रा और कुंभ आयोजन किसी भी स्थिति में प्रभावित न हों।
बैठक में हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर, हरिद्वार-नगीना मार्ग और प्रमुख चौराहों के सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए निर्माण स्थलों पर मशीनरी, श्रमिकों और वाहनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के चलते कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो रहा है, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेलाधिकारी ने परियोजना निदेशकों को स्वयं निगरानी कर कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यदि निर्माण कार्यों के कारण यातायात बाधित हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने जगजीतपुर और बहादराबाद क्षेत्र के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
