- गैरसैंण में सियासी पारा चढ़ा, 600 से ज्यादा सवालों के साथ शुरू होगा बजट सत्र
देहरादून@रा.वि.।
उत्तराखंड विधानसभा का बहुप्रतीक्षित बजट सत्र इस बार फिर ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित होने जा रहा है। सत्र शुरू होने से एक दिन पहले प्रदेश की सियासत गर्माने लगी है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami, विधानसभा अध्यक्ष Ritu Khanduri Bhushan समेत सरकार के सभी मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी रविवार दोपहर बाद भराड़ीसैंण पहुंच गए।
सोमवार से शुरू होने वाले इस बजट सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है। जानकारी के अनुसार इस बार सदन में 600 से अधिक सवाल लगाए गए हैं, जिनके जरिए विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, कानून व्यवस्था, भर्ती प्रक्रियाएं और सीमांत क्षेत्रों के विकास योजनाओं की स्थिति जैसे मुद्दे सदन में प्रमुख रूप से उठने की संभावना है। यह सत्र सत्ता पक्ष और विपक्ष के लिए आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के अहम माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बजट सत्र धामी सरकार के लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि एक ओर सरकार अपने विकास कार्यों और योजनाओं को सदन के माध्यम से सामने रखेगी, वहीं विपक्ष सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाने का प्रयास करेगा।
विपक्ष सत्र की अवधि बढ़ाने को लेकर पहले से ही सरकार पर दबाव बना चुका है। दरअसल राज्य गठन के बाद से ही गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए जाने की मांग समय-समय पर उठती रही है। ऐसे में यहां आयोजित होने वाला हर विधानसभा सत्र राजनीतिक और भावनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।
अब सबकी निगाहें सोमवार से शुरू होने वाले सदन की कार्यवाही पर टिकी हैं, जहां सवाल-जवाब और बहस के बीच राज्य की राजनीति का तापमान और बढ़ने की संभावना है।
