Dharachula Beti Stabbing Case: Youth Dies, Questions Raised Over Police Action and Sudden Arrest
- बड़ा सवाल: आखिर फरार बताया गया आरोपी अचानक कैसे हुआ गिरफ्तार
- पुलिस की कार्यप्रणाली पर लोग उछाल रहे तरह-तरह के सवाल
- पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
नदीम परवेज@ धारचूला (पिथौरागढ़)। बेती क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की घटना में घायल युवक चन्द्र सिंह की इलाज के दौरान आगरा के एक अस्पताल में मौत हो गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश के साथ-साथ पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
इसी मामले में जिस आरोपी विजय सिंह को पुलिस अब तक फरार बता रही थी, उसे बुधवार शाम नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया गया। अचानक हुई इस गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा तेज है कि जो आरोपी कई दिनों तक पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा था, वह एकदम से कैसे पकड़ में आ गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले में पुलिस की कार्रवाई पहले से ही सवालों के घेरे में रही है, और अब गिरफ्तारी के तरीके ने भी संदेह को और बढ़ा दिया है।
सब-इंस्पेक्टर अम्बीराम आर्या ने बताया कि घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई है। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया जाएगा और उसके बाद जेल भेजा जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
