- विपक्ष बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, कानून-व्यवस्था और आपदा प्रबंधन मुद्दों पर हो सकता है हमलावर
- सरकार बजट के जरिये साध सकती है 2027 विधानसभा चुनावी एजेंडा
देहरादून@ रा .वि। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में 09 से 13 मार्च तक पांच दिवसीय बजट सत्र आहूत करने का निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार की ओर से प्रस्ताव भेजे जाने के बाद अब राज्यपाल की अनुमति मिलने पर औपचारिक अधिसूचना जारी होगी। इस संबंध में विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग ने विधानसभा सचिवालय को पत्र भेज दिया है।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण ने बताया कि भराड़ीसैंण में बजट सत्र आयोजित कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सचिवालय कर्मी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक विधायकों की ओर से लगभग 500 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं, जिससे साफ है कि सत्र के दौरान सरकार को तीखे सवालों का सामना करना पड़ सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी बजट सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्ष बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और विकास योजनाओं की प्रगति जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं सत्ता पक्ष बजट के जरिए विकास और निवेश के एजेंडे को आगे बढ़ाने की रणनीति बना रहा है।
उल्लेखनीय है कि अब तक बजट सत्र देहरादून में आयोजित किया जाता रहा। हाल ही में कैबिनेट ने सत्र की तिथि और स्थान तय करने के लिए पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया था। मुख्यमंत्री पहले ही संकेत दे चुके थे कि इस बार सत्र गैरसैंण में ही होगा। अब भराड़ीसैंण एक बार फिर सियासी हलचल का केंद्र बनने जा रहा है।
