Speeding Bike Hits Pedestrian in Chamba’s Nagini Area, Nepalese Woman Dies on Spot
वाचस्पति रयाल@नरेंद्रनगर। थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत नागिनी पुलिस चौकी के पास बागी पुल पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने सड़क पार कर रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक की पहचान शिवम चमोली (19 वर्ष), पुत्र सुरेश चमोली, निवासी बी-पुरम नई टिहरी के रूप में हुई है, जो देहरादून स्थित ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय से बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है। वह देहरादून से अपने घर बी-पुरम लौट रहा था।
इसी दौरान नेपाल मूल की 52 वर्षीय महिला सुरमा देवी, पत्नी मदन सिंह, जो वर्तमान में जाजल में रह रही थी, बस पकड़ने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी बीच तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और महिला को नरेंद्रनगर स्थित श्री देव सुमन राजकीय उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उप निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका का पुत्र राज भी इस घटना से गहरे सदमे में है, जिसने बताया कि वह सुबह अपनी मां के साथ नागिनी तक गया था और लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
