Youth Found Dead Near Kafluwa Bend in Uttarakhand’s Didihat, Murder Suspected
- शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान
- मृतक की मां ने पुलिस को दी तहरीर में हत्या की आशंका जताई
पिथौरागढ़@Rashtriy Vichar।
ज़िले के डीडीहाट क्षेत्र में एक युवक का शव डीडीहाट- दूनाकोट सड़क पर कफलुवा मोड़ के पास खून से लथपथ हालत में मिला है। घटना की सूचना वाहन चालक पंकज कन्याल ने आपातकालीन नंबर 112 पर दी, जिसके बाद कोतवाली डीडीहाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत हुनेरा निवासी 33 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चौहान पुत्र स्वर्गीय पुष्कर सिंह चौहान 13 जुलाई को अपने काम से डीडीहाट आए थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान जानकारी मिली कि भूपेंद्र सिंह मैक्स वाहन से घर लौट रहे थे, जिसे ग्राम कूटा निवासी सुमित सिंह धामी चला रहा था।
मंगलवार को भूपेंद्र सिंह का शव कांडा-कफलुवा मोड़ के पास सड़क किनारे खून से लथपथ अवस्था में मिला। शव के सिर के पीछे गंभीर चोटों के निशान भी पाए गए। मृतक की माता गंगा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या की गई है। उन्होंने मैक्स चालक सुमित सिंह धामी पर हत्या का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। मंगलवार को पुलिस और फारेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की। पुलिस जांच में जुट गई है।
