Congress Launches ‘Parivartan Sankalp Yatra’ in Narendranagar, Targets BJP Ahead of 2027 Uttarakhand Assembly Elections
- परिवर्तन संकल्प यात्रा में गरजी कांग्रेस
- प्रीतम सिंह बोले— ‘जनता बदलाव का मन बना चुकी
- 2027 में भाजपा की होगी विदाई
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। रविवार को नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के आगराखाल में आयोजित ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाग लिया। यात्रा के माध्यम से कांग्रेस ने भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और विकास जैसे मुद्दों पर घेरते हुए प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पलायन, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है तथा जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं और संगठन तभी मजबूत होता है जब कार्यकर्ताओं को सम्मान और भागीदारी मिले।
अंकिता भंडारी और भर्ती व्यवस्था पर सरकार को घेरा: कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू करने, भूमि, जल और जंगल की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खनन माफिया हावी हैं, विकास योजनाओं में कमीशनखोरी बढ़ी है और आम जनता महंगाई व बेरोजगारी की मार झेल रही है।
प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही सरकार: प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह नेगी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि काले धन की वापसी, भ्रष्टाचार समाप्त करने और बेहतर रोजगार देने के वादों पर जनता को गुमराह किया गया। उन्होंने मनरेगा में अनियमितताओं और ग्राम पंचायतों के अधिकार कमजोर किए जाने का भी आरोप लगाया।
कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान: पूर्व विधायक गोपाल रावत ने कहा कि कांग्रेस का परिवर्तन का नारा केवल राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की आवाज है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवा बेरोजगार हैं, मातृशक्ति का सम्मान सुरक्षित नहीं है और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन माफिया बेलगाम हैं तथा प्रदेश की जनता महंगाई और बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान है।
बूथ स्तर तक मजबूत हाेगा संगठन: सभा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच जाकर सरकार की कथित नाकामियों को उजागर करने का आह्वान किया। नेताओं ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बदलाव का फैसला करेगी और कांग्रेस को सत्ता की जिम्मेदारी सौंपेगी।
पालिका में विजयी प्रत्याशियों को किया सम्मानित: इस अवसर पर कांग्रेस परिवार के द्वारा नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर में कांग्रेस पार्टी के सदस्य विजय प्रत्याशियों आभा पवार, रेखा आर्य व रवि नेगी को भी सम्मानित किया गया।
अवसर पर सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तम असवाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख वीरेंद्र कंडारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शीशपाल सजवान,कल्पना पवार, दुर्गा राणा, सरस्वती जोशी,वंदना नेगी, सुनीता गुसाई, अनिल भंडारी, अनिल रावत, पूरन पुंडीर दयाल सिंह रावत सहित सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे।
