- हार्ट अटैक या साजिश? सीसीटीवी में दिखे दो युवक, 46 वर्षीय कारोबारी की मौत ने खड़े किए गंभीर सवाल
हल्द्वानी@ रा.वि.। तल्ली हल्द्वानी निवासी 46 वर्षीय कारोबारी अरुण बिष्ट की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। शनिवार को उनका शव हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर खड़ी कार में मिला। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई गई, लेकिन घटनास्थल से मोबाइल फोन और हाथ की अंगूठी का गायब होना मामले को और पेचीदा बना रहा है।
मृतक की पहचान तल्ली हल्द्वानी निवासी अरुण बिष्ट पुत्र गोपाल सिंह बिष्ट के रूप में हुई। पुलिस जब मौके पर पहुंची और जांच की तो पाया कि उनका मोबाइल फोन और एक हाथ की अंगूठी मौजूद नहीं थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। फुटेज में दो युवक कारोबारी की कार के आसपास मंडराते दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि उन्होंने कार के दरवाजे को लात भी मारी थी। यह गतिविधि अब जांच का अहम बिंदु बन गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।
एसएचओ विजय सिंह मेहता के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह महज प्राकृतिक मौत थी या इसके पीछे कोई साजिश छिपी है? मोबाइल और अंगूठी का गायब होना और कार के आसपास संदिग्ध गतिविधि कई अनुत्तरित प्रश्न छोड़ गई है। पुलिस जांच के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ पाएगा।
