- जनसेवा का सफर पूरा कर लौटे अयोध्या
- 38 साल की निष्पक्ष सेवा को सलाम
- तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल को भावभीनी विदाई
वाचस्पति रयाल @नरेंद्रनगर। यूं तो सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति हर कर्मचारी के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, लेकिन कुछ विदाइयां अपने पीछे ऐसी यादें छोड़ जाती हैं जो वर्षों तक लोगों के दिलों में बनी रहती हैं। नरेंद्रनगर के तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल की विदाई भी कुछ ऐसी ही रही। करीब साढ़े 38 वर्षों की निष्पक्ष, ईमानदार और जनहितकारी सेवा के बाद जब उन्होंने सेवानिवृत्ति ली तो विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक बड़ी संख्या में उन्हें सम्मान देने पहुंचे। पूरा समारोह उनके प्रति लोगों के सम्मान और स्नेह का प्रतीक बन गया।
जिले के सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद: विदाई समारोह में राजस्व, वन, कृषि, खंड विकास, नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर, ढालवाला-मुनि की रेती, पशुपालन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। उन्हें शॉल, स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और आकर्षक उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और सफल सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
ईमानदार,निष्पक्ष कार्यशैली के लिए याद रहेंगे उनियाल: वक्ताओं ने कहा कि श्री उनियाल ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, निष्पक्षता, अनुशासन और संवेदनशील कार्यशैली का परिचय दिया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने धैर्य और सूझबूझ से प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अपने मधुर और सहयोगात्मक व्यवहार के कारण वे अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता के बीच समान रूप से लोकप्रिय रहे।
अयोध्या उनियाल की सेवा का रहा उम्दा सफर
श्री उनियाल ने वर्ष 1986-87 में पटवारी प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद 17 फरवरी 1988 को पट्टी कुंजणी के आमपाटा पटवारी क्षेत्र से अपनी सेवा शुरू की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वर्ष 2020 में नायब तहसीलदार बने और 24 जून 2022 से 30 जून 2026 तक नरेंद्रनगर के तहसीलदार के रूप में कार्य करते हुए अपनी कार्यकुशलता की अलग पहचान बनाई।
उनके कार्यकाल में लोकसभा, विधानसभा, पंचायत और निकाय चुनावों के सफल संचालन, वीआईपी ड्यूटी, चारधाम यात्रा प्रबंधन और कोविड-19 महामारी के दौरान नोडल अधिकारी के रूप में निभाई गई जिम्मेदारियों की भी वक्ताओं ने सराहना की।
पंकज ड्यूंडी व सी एन थपलियाल के संयुक्त संचालन में चले कार्यक्रम में गजा के रजिस्ट्रार कानूनगो सुरेश मोहन डोगरा को भी राजस्व परिवार की ओर से भावभीनी विदाई दी गई।
विदाई समारोह में उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, पूर्व ब्लाक प्रमुख वीरेंद्र कंडारी, नगर पालिका मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, टिहरी व्यापार उद्योग मंडल के पदाधिकारी सुरेंद्र कंडारी, पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दयाल सिंह रावत, विक्रम सिंह कैन्तुरा, प्रवीण सिंह जेठुड़ी, निधि थपलियाल, कानून गो इंद्र मोहन रूपेण,चेन सिंह बिष्ट, नरेंद्र कैन्तुरा,बालम सिंह रावत, विनोद राणा, दीपक बिजल्वाण, राजेंद्र गुसाईं,राय सिंह,प्रकाश ड्यूंडी, आदि समस्त विभागों के विभागाअध्यक्ष व कर्मचारी उपस्थित थे।
अब जनसेवा में समर्पित करेंगे जीवन
राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए पूर्व तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल ने कहा कि उनका जीवन अब भी समाज और जनसेवा के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा के दौरान आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रही और सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहकर जरूरतमंदों की हरसंभव मदद करेंगे। उन्होंने सभी सहयोगियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों का वर्षों तक मिले सहयोग और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। श्री उनियाल ने कहा कि जनसेवा का कोई निश्चित पद या समय नहीं होता, बल्कि यह आजीवन चलने वाला दायित्व है, जिसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाते रहेंगे।
