देहरादून । राजधानी देहरादून में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा की तीन अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विक्रम शर्मा जिम से बाहर आए, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायल विक्रम शर्मा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक विक्रम शर्मा मूल रूप से जमशेदपुर का रहने वाला था और वहां का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। उस पर जमशेदपुर में 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पूर्व में जमशेदपुर पुलिस उसे गिरफ्तार भी कर चुकी थी। हाल के वर्षों में वह देहरादून में प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहा था।
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपराधिक नेटवर्क या प्रॉपर्टी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावित कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
राजधानी के व्यस्त और पॉश इलाके में हुई इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।
