- रंगारंग वार्षिकोत्सव कार्यक्रम, प्रदर्शनी और प्रेरक संदेशों के बीच छात्रों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग
वाचस्पति रयाल@नरेंद्रनगर। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, दुआधार में पुरातन छात्र सम्मेलन एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विविध शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत, नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम के दौरान रंगोली, विज्ञान तथा कौशल विकास से संबंधित प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी रचनात्मकता, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी को अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों का मंदिर है। उन्होंने कहा कि संस्कारवान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी ही देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की नींव होते हैं।
उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कृत्य न केवल व्यक्तिगत जीवन बल्कि राष्ट्र की प्रगति में भी बाधक बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच और नेक मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय के पुरातन छात्र-छात्राओं में कुमारी स्नेहा, कुमारी आरती, कुमारी मनीषा सहित अन्य ने अपने जीवन अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान भूतपूर्व छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया, जिससे आयोजन भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य दयाल सिंह रावत ने कहा कि आज के छात्र-छात्रा ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने हाईस्कूल एवं उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों से जीवन का लक्ष्य तय कर कठिन परिश्रम करने का संदेश देते हुए कहा कि परिश्रम और अनुशासन से ही सफलता प्राप्त होती है। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से सतर्क रहने की आवश्यकता पर जोर दिया।
राजकीय शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष दिलबर सिंह रावत एवं जिला मंत्री डॉ. बुद्धि प्रसाद भट्ट ने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा, संस्कार और संगति पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
विशिष्ट अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी बी.पी. सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विद्यालय परिवार की प्रशंसा की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र जोशी ने पीएम श्री स्कूल योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक रमेश असवाल एवं दुर्गेश सती द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
पूरे आयोजन में शिक्षा, संस्कृति, संस्कार और प्रेरणा का सुंदर संगम देखने को मिला, जिसने विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों और अतिथियों को भी भावनात्मक रूप से जोड़ दिया।
