AIIMS Rishikesh Observes Head-Neck Cancer Awareness Month, Experts Warn Rising Cases in Youth
- बढ़ते कैंसर मामलों पर जताई चिंता: युवाओं को दी नशे से दूरी की सलाह
Rishikesh@RashtriyVicharNews। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ऋषिकेश और कैंसर चिकित्सा एवं रुधिर विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अप्रैल माह के दौरान ‘हेड-नेक कैंसर जागरूकता माह’ मनाया गया। इसका उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच के महत्व को समझाना रहा।
संस्थान की निदेशक एवं सीईओ प्रो. डॉ. मीनू सिंह ने कहा कि हेड-नेक कैंसर केवल चिकित्सकीय समस्या नहीं, बल्कि जीवनशैली से जुड़ी बीमारी है। समय पर जागरूकता, संयम और नियमित जांच से इससे बचाव संभव है।

कैंसर विशेषज्ञ डॉ. अमित सहरावत ने बताया कि भारत में यह बीमारी तेजी से बढ़ रही है और अब युवाओं में भी इसके मामले सामने आ रहे हैं, जो चिंता का विषय है। वहीं डॉ. दीपक सुंदरियाल ने कहा कि तंबाकू और शराब इसका प्रमुख कारण हैं, जिनसे दूरी बनाना जरूरी है।
विशेषज्ञों ने बताया कि शुरुआती लक्षण जैसे मुँह में छाला, आवाज बैठना या गले में खराश को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं।
कार्यक्रम में यह भी संदेश दिया गया कि स्वस्थ जीवनशैली, नशे से दूरी और नियमित स्वास्थ्य जांच ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। कार्यक्रम में कई विशेषज्ञ एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
