- ग्रामीणों ने धार्मिक स्थल के पास शराब दुकान खोलने का किया विरोध
- प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर लगाई रोक की मांग
नदीम परवेज@ Dharchula, Rashtriya Vichar# (पिथौरागढ़)।
तवाघाट क्षेत्र में प्रस्तावित अंग्रेज़ी शराब की दुकान के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में ग्राम पंचायत खेला के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दुकान खोलने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि तवाघाट क्षेत्र धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां स्थित माँ काली मंदिर सहित कई आस्था केंद्रों के कारण क्षेत्र की पवित्रता बनी हुई है। ऐसे में शराब की दुकान खोले जाने से धार्मिक भावनाएं आहत होंगी और क्षेत्र का सामाजिक वातावरण भी प्रभावित होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में पहले से ही नशे की समस्या बनी हुई है। यदि यहां शराब की दुकान खोली गई तो इसका सीधा दुष्प्रभाव युवाओं और बच्चों पर पड़ेगा, जिससे सामाजिक ताना-बाना कमजोर होगा।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना ग्रामसभा और स्थानीय निवासियों की सहमति के यह निर्णय लिया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित और जनभावनाओं के विपरीत है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि प्रस्तावित शराब की दुकान पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी पिथौरागढ़, थाना धारचूला और आबकारी विभाग को भी भेजी गई है।
