- पीएम, रक्षा मंत्री और पर्यावरण मंत्री को 10 हजार पोस्टकार्ड भेजकर जताया विरोध
- मांगों को लेकर तीसरे दिन भी धरने पर डटे पूर्व सैनिक
पिथौरागढ़@ रा.वि.। पर्यावरण बटालियन के स्थानांतरण के विरोध में पूर्व सैनिकों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को धरना प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लेकर सरकार के फैसले के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
आंदोलन को धार देने के लिए पूर्व सैनिकों ने अब पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान के तहत पहले ही दिन प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, पर्यावरण मंत्री और राज्यपाल को पोस्टकार्ड भेजकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया। पूर्व सैनिकों ने कुल 10,000 पोस्टकार्ड भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि सरकार तक उनकी आवाज मजबूती से पहुंच सके।
धरना स्थल पर पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम बल्लभ जोशी भी अन्य सदस्यों के साथ पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल पूर्व सैनिकों की नहीं, बल्कि क्षेत्र के हितों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा अहम मुद्दा है।
पूर्व सैनिकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक पर्यावरण बटालियन के स्थानांतरण का निर्णय वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा और इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।
