- नए वाहनों के पंजीकरण पर दिया जोर
नदीम परवेज@ धारचूला, रा. वि.।
आगामी आदि कैलाश यात्रा 2026 के सुचारू संचालन और क्षेत्र में बढ़ते पर्यटन को देखते हुए रविवार को धारचूला में स्थानीय टैक्सी स्वामियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में टैक्सी स्टैंड की व्यवस्था, नए वाहनों के पंजीकरण और पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आदि कैलाश यात्रा के दौरान आने वाले पर्यटकों को व्यास घाटी, चौदास घाटी और दारमा घाटी तक सुरक्षित और सुव्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही यूनियन में जुड़े नए वाहन स्वामियों का स्वागत करते हुए उनके वाहनों का पंजीकरण भी किया गया।
बैठक के दौरान यूनियन के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया और स्थानीय टैक्सी संचालन को व्यवस्थित करने के लिए जल्द ही सभी वाहनों की सूची तैयार कर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।
इस अवसर पर यूनियन के संरक्षक विनोद गर्ब्याल, अध्यक्ष प्रवेश नबियाल, उपाध्यक्ष कविन्द्र बुदियाल, महासचिव मुकेश गर्ब्याल, कोषाध्यक्ष प्रहलाद नबियाल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आगामी आदि कैलाश यात्रा 2026 को सफल बनाने और क्षेत्र में सुव्यवस्थित पर्यटन व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया।
