पिथौरागढ़@ रा.वि.। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना नगर के नजदीकी पौण गांव से सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने पैसों के विवाद में अपने ही पिता और सगे भाई पर ईंटों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

पुलिस के अनुसार पौण गांव निवासी 60 वर्षीय मदन राम और उनके 35 वर्षीय पुत्र पूरन राम पर बड़े बेटे सुरेंद्र राम ने अचानक ईंटों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पैसे की मांग की थी, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर उसने गुस्से में आकर दोनों के सिर पर ईंटों से वार कर दिए। हमले में पिता और भाई बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सर्जन डॉ. मुकेश कुटियाल ने बताया कि पूरन राम के सिर में खून का बड़ा थक्का बन गया है और उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की चिकित्सा प्रक्रिया तय की जाएगी। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, जबकि मदन राम की हालत गंभीर बनी हुई है।
कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मदन बिष्ट ने बताया कि इस मामले में मदन राम के भतीजे सूरज राम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी परिजन मदन राम को हायर सेंटर नहीं ले जा पाए हैं, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश और हैरानी का माहौल है।
