Sarojini Devi, 65, went missing during a wedding samaroh in Bhandar village, Tehri district. Police, forest department teams and villagers continue the search using drones and CCTV footage. Her family has announced a ₹50,000 reward for information.
- विवाह समारोह से रहस्यमय ढंग से लापता हुईं सरोजनी देवी
- सूचना देने वाले को 50 हजार का इनाम घोषित
- ड्रोन से भी की जा रही तलाश
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। टिहरी जिले के चंबा थाना क्षेत्र के भंडार गांव में विवाह समारोह के दौरान लापता हुईं 65 वर्षीय सरोजनी देवी का चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस, वन विभाग और स्थानीय ग्रामीण लगातार सघन खोज अभियान चला रहे हैं। ड्रोन कैमरे से आसपास के क्षेत्रों की छानबीन करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं, लेकिन अब तक महिला का पता नहीं चल सका है। परिजनों ने सरोजनी देवी की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
नरेंद्रनगर थाना क्षेत्र के कोटी गांव निवासी सरोजनी देवी पत्नी चतर सिंह 11 अक्टूबर को चंबा थाना क्षेत्र के भंडार गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। बताया गया कि मेहंदी और कीर्तन के कार्यक्रम के बाद भोजन कर वह पंडाल में परिवार और रिश्तेदारों के साथ डीजे कार्यक्रम देख रही थीं।
उनकी बेटी रेखा के अनुसार, उन्होंने अपनी मां को रात करीब सवा दस बजे तक पंडाल में देखा था। इसके लगभग 15 मिनट बाद जब उन्होंने दोबारा देखा तो मां वहां नहीं थीं। उन्हें लगा कि सरोजनी देवी सोने के लिए चली गई होंगी। रात करीब 12 बजे डीजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह घर लौटीं तो मां कमरे में भी नहीं मिलीं। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
अगले दिन पुलिस चौकी नागणी में उनकी गुमशुदगी की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चंबा कोतवाली प्रभारी विपिन बहुगुणा पुलिस टीम के साथ खोज अभियान में जुट गए। कोटी और भंडार गांव के ग्रामीण भी सुबह से ही महिला की तलाश में जुटे हुए हैं।
पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें चला रहीं अभियान
महिला की तलाश के लिए पुलिस, नरेंद्रनगर वन प्रभाग और दोनों गांवों के ग्रामीणों की कई संयुक्त टीमें बनाई गई हैं। कोतवाली प्रभारी विपिन बहुगुणा के नेतृत्व और पुलिस चौकी नागणी के प्रभारी दीपक लिंगवाल के संयोजन में आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से भी दुर्गम और आसपास के इलाकों की छानबीन की। इसके अलावा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची गई, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।
सरोजनी देवी के पुत्र मनोज और मयंक ने उनकी जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इसके बावजूद चार दिन से अधिक समय बीत जाने पर भी उनका पता नहीं चलने से परिवार और परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
फिलहाल पुलिस, वन विभाग और ग्रामीणों की टीमें तलाश में जुटी हैं। महिला के लापता होने से कोटी और भंडार गांव सहित आसपास के क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है।
