- बखरियाणा में खेल प्रतिभाओं का जलवा
- 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने दिखाया दम
वाचस्पति रयाल@ नरेन्द्रनगर। शहर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बखरियाणा स्थित सेना छावनी के खेल मैदान में आयोजित शरदकालीन ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में ब्लॉक के नौ संकुल केंद्रों से जुड़े दो दर्जन से अधिक विद्यालयों के 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर मैदान में अपना दमखम दिखाया।

प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के दो वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ 1852 फील्ड रेजीमेंट के सेकंड इन कमांड मेजर अक्षत सेठ ने खेल ध्वज फहराकर और मार्च पास्ट की सलामी लेकर किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं और खेल उनके सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल न केवल बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय भाईचारे और करियर निर्माण में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के प्रति समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़ में भैंस्यारौ के आर्यन भंडारी ने प्रथम, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल ढालवाला के आशीष लाल ने द्वितीय और शिवालिक पब्लिक स्कूल शाखा के करण सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। 400 मीटर में अंकुश, अनिकेत और आदित्य तथा 600 मीटर दौड़ में अनिकेत, सुनील और आदित्य भंडारी क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। गोला फेंक में अंशु, अभिषेक और प्रियांशु ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए।
बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में साक्षी प्रथम और मानसी द्वितीय रहीं। 600 मीटर में प्रियंका, प्राची और रिया ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में हिमांशी, जानवी और सीमा ने बाजी मारी। बालिका खो-खो में बनाली संकुल प्रथम और तिमली संकुल द्वितीय रहा।
मार्च पास्ट प्रतियोगिता में श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल नरेन्द्रनगर ने पहला, आमपाटा संकुल ने दूसरा और बनाली संकुल ने तीसरा स्थान हासिल किया। आयोजन में सेना अधिकारियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षक संघ पदाधिकारियों, विद्यालय प्रधानाचार्यों और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
