The traditional Dubdi folk festival was celebrated in Maugi and Pab villages of Nainbagh, showcasing Uttarakhand’s rich culture, traditional farming and reverence for nature.
- नैनबाग के मौगी और पाब गांव में पारंपरिक कृषि
- लोकरीति और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत संगम
- एडीएम ने संरक्षण की सराहना की
- 12 अनाजों की पत्तियों से सजाई दीर्घ यष्टि
- पूजा-अर्चना के साथ जीवंत हुई सदियों पुरानी परंपरा
- लोकपर्व में ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा और वाद्ययंत्रों के साथ मनाया उत्सव
- नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने का दिया संदेश
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। जौनपुर तहसील के नैनबाग क्षेत्र के ग्राम मौगी और पाब में शुक्रवार को पारंपरिक दुबड़ी लोक पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। अपर जिलाधिकारी टिहरी शैलेंद्र सिंह नेगी ने ग्रामीणों के साथ पर्व में शामिल होकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और प्रकृति के प्रति ग्रामीणों की अटूट आस्था को करीब से देखा। वह पारंपरिक आयोजन और ग्रामीणों की सामूहिक सहभागिता से खासे प्रभावित हुए।
दुबड़ी पर्व में ग्रामीण सार्वजनिक स्थल पर दीर्घ यष्टि यानी लंबा डंडा स्थापित करते हैं। इसके बाद खेतों में उगाए जा रहे 12 प्रकार के अनाजों के पौधों की पत्तियों से डंडे को पूरी लंबाई तक सजाया जाता है। पत्तियों से सुसज्जित इस दीर्घ यष्टि को ही ‘दुबड़ी’ कहा जाता है। गांव की महिलाएं सामूहिक रूप से दुबड़ी स्थल पर पहुंचकर घर में तैयार पारंपरिक पकवान, दूध, मक्खन आदि अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना करती हैं।
पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन और लोक परिधानों से सजे ग्रामीण देर रात तक पर्व में शामिल रहे। आयोजन में पारंपरिक कृषि, प्रकृति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक सद्भाव की अनूठी झलक देखने को मिली। एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और प्रकृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों को इस पौराणिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए शुभकामनाएं देते हुए संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
