Educational Ministerial Officers Association Uttarakhand launches Arrear Calculation Software to simplify salary and arrear calculations for employees from January 1, 2006.
- 01 जनवरी 2006 से वेतन व एरियर की गणना की सुविधा
- तकनीकी पहल से मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों को मिलेगा सीधा लाभ
वाचस्पति रयाल@ नरेन्द्रनगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन उत्तराखंड ने कर्मचारियों की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण तकनीकी पहल की है। एसोसिएशन के प्रांतीय संरक्षक वीरेंद्र सिंह गुसाईं की पहल पर शुक्रवार को गूगल मीट के माध्यम से Arrear Calculation Software का वर्चुअल शुभारंभ किया गया। इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से कर्मचारियों और मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों के वेतन एवं एरियर की गणना को सरल, व्यवस्थित और अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।
कार्मिकों को तकनीकी सुविधाओ से जोड़ने के हो रहे प्रयास: कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए प्रांतीय संरक्षक वीरेंद्र सिंह गुसाईं ने कहा कि संगठन कर्मचारियों को तकनीकी सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष विकास डबराल वर्ष 2018 से एसोसिएशन की वेबसाइट का संचालन कर रहे हैं। वेबसाइट पर संगठन की नियमावली, शासनादेश, विभागीय आदेश के साथ ही कर्मचारियों के सेवाकाल से संबंधित विभिन्न सॉफ्टवेयर और आवश्यक आवेदन पत्र उपलब्ध कराए गए हैं।
कर्मचारियों से अपील,अधिक संख्या से जुड़े: उन्होंने वर्चुअल बैठक में जुड़े शिक्षकों एवं कार्मिकों से अपील की कि वे संगठन की वेबसाइट और उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि नए सॉफ्टवेयर के माध्यम से 01 जनवरी 2006 से कर्मचारियों के वेतन एवं एरियर की गणना की जा सकती है। इससे एरियर की गणना में लगने वाले समय और मेहनत को कम करने के साथ ही प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
कार्मिकों के उपयोगी है सॉफ्टवेयर: सॉफ्टवेयर के निर्माण में वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय, नई टिहरी के बलवंत सिंह नेगी ने महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। लॉन्चिंग के दौरान वर्चुअल रूप से जुड़े एसोसिएशन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने सॉफ्टवेयर का अवलोकन किया तथा इसकी कार्यप्रणाली को समझा। प्रतिभागियों ने सॉफ्टवेयर को कर्मचारी हित में उपयोगी पहल बताते हुए इसे और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
वर्चुअल बैठक में बड़ी संख्या में कार्मिक शामिल: कार्यवाहक प्रांतीय अध्यक्ष सुनील भंडारी, प्रांतीय महामंत्री साबर सिंह रौथाण सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मिनिस्ट्रीयल कार्मिक कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। हरजीत सिंह, जसपाल केमवाल, रोहित बिष्ट समेत कई कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे। सभी ने सॉफ्टवेयर के निर्माण एवं लॉन्चिंग के लिए आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष विकास डबराल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
दैनिक काम होंगे आसान, समय भी बचेगा: एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि तकनीकी क्षेत्र में इस तरह के उपयोगी प्रयास कर्मचारियों के दैनिक कार्यों को आसान बनाने के साथ-साथ समय की बचत में भी सहायक होंगे। संगठन भविष्य में भी कर्मचारियों की जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नए सॉफ्टवेयर एवं तकनीकी सुविधाएं विकसित कर उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रांतीय संरक्षक वीरेंद्र सिंह गुसाईं ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
