Dharchula Club Uses Sports to Keep Youth Away from Drugs
- हर रविवार दौड़ और खेलों से नशामुक्ति का दे रहे संदेश
नदीम परवेज@ धारचूला। युवाओं को नशे और समय बर्बाद करने वाली गतिविधियों से दूर रखने के लिए धारचूला के खेलप्रेमी युवाओं ने अनोखी पहल शुरू की है। युवाओं ने मिलकर ‘धारचूला क्लब’ का गठन किया है, जिसका उद्देश्य खेलों के जरिए युवाओं और आम लोगों को स्वस्थ व सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
क्लब की गतिविधियां हर रविवार सुबह करीब 7 बजे शुरू होती हैं। इस दौरान 5 किलोमीटर और 2 किलोमीटर की दौड़ के साथ तैराकी और अन्य खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। खास बात यह है कि क्लब की सभी गतिविधियों में शामिल होने के लिए किसी तरह की एंट्री फीस नहीं ली जाती।
क्लब से जुड़ने के लिए उम्र की भी कोई बाध्यता नहीं है। युवा, बच्चे, बुजुर्ग और खेलों में रुचि रखने वाला कोई भी व्यक्ति इन गतिविधियों का हिस्सा बन सकता है।
क्लब से जुड़े युवाओं का कहना है कि नशे से बचाव के लिए युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी बढ़ाते हैं।
‘नशे से दूरी, खेलों से दोस्ती’ के संदेश के साथ धारचूला क्लब ने क्षेत्रवासियों से हर रविवार सुबह खेल मैदान पहुंचकर अभियान से जुड़ने की अपील की है। क्लब का लक्ष्य खेलों के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय और नशामुक्त धारचूला का निर्माण करना है।
