Uttarakhand to Launch Recruitment for Over 2,500 Government Posts Ahead of Assembly Elections
- चुनाव से पहले युवाओं को बड़ा तोहफा
- साल के अंत तक 4000 पदों पर आगे बढ़ेगी भर्ती प्रक्रिया
देहरादून@RASHTRIY VICHAR। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड सरकार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने की तैयारी में जुट गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने 2500 से अधिक नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की कवायद तेज कर दी है। इससे प्रदेश के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलने की उम्मीद है।
आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि प्रस्तावित भर्तियों में कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्केलर, आबकारी विभाग, पुलिस और परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद, संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक, स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग और सहायक विकास अधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आयोग पहले से आवेदन लिए जा चुके 1470 रिक्त पदों की लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक आयोजित कराने की तैयारी कर रहा है। इनमें पशुधन प्रसार अधिकारी, सहायक लेखाकार, कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर के पदों सहित विभिन्न तकनीकी और स्नातक स्तरीय पद शामिल हैं।
आयोग के अनुसार, वर्ष के अंत तक करीब 4000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुंच जाएगी। पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक भर्तियां करने के बाद अब सरकार और आयोग युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
