Uttarakhand Announces Tilu Rauteli Award 2025-26 Winners, 35 Anganwadi Workers to Be Honored
- साहस, संघर्ष और सेवा को सलाम
- राज्य स्तरीय समारोह में मिलेगा महिला शक्ति को सम्मान
देहरादून@RASHTRIY VICHAR। उत्तराखंड सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार और राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार के लिए चयनित नामों की घोषणा कर दी है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए प्रदेश के सभी 13 जिलों से एक-एक महिला का चयन किया गया है, जबकि राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार के लिए 35 उत्कृष्ट कार्यकत्रियों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में प्रदान किए जाएंगे पुरस्कार: दोनों पुरस्कार आगामी 8 अगस्त को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रदान किए जाएंगे। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि तीलू रौतेली पुरस्कार उन महिलाओं को समर्पित है, जिन्होंने संघर्ष, साहस और समर्पण के बल पर समाज में अलग पहचान बनाई है।
उल्लेखनीय क्षेत्रों में योगदान के लिए हुआ चयन: इस वर्ष चयनित महिलाओं ने संस्कृति, खेल, वैज्ञानिक शोध, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, स्वरोजगार, समाजसेवा, महिला सशक्तीकरण और दिव्यांगजन कल्याण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। सरकार का उद्देश्य ऐसी प्रेरक महिलाओं की उपलब्धियों को समाज के सामने लाना है, ताकि नई पीढ़ी और अन्य महिलाएं उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सकें।
मंत्री ने कहा कि वीरांगना तीलू रौतेली के नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान महिलाओं के साहस, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुका है। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, प्रारंभिक शिक्षा और महिला जागरूकता के क्षेत्र में सरकार की महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। उनके उत्कृष्ट कार्यों को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है।
तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए ये हुए चयनित
- सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए उत्तरकाशी की श्वेता बधानी (स्वतंत्री) को
- संस्कृति एवं कला के क्षेत्र में अल्मोड़ा की पुष्पा फर्त्याल
- समाज सेवा के लिए बागेश्वर की दया दानू
- संगीत में चमोली की नंदा सती
- पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा के लिए चंपावत की रितिका बगोली
- देहरादून की नीतू रानी को शिक्षा एवं बहादुर
- हरिद्वार की वैशाली शर्मा को समाज सेवा
- नैनीताल की लतिका को खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि
- खेल समाज सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में पौड़ी गढ़वाल की प्रियंका पंत थपलियाल
- पिथौरागढ़ की कलावती देवी को सामाजिक कार्य
- रुद्रप्रयाग की दुर्गा देवी को समाज सेवा
- उधम सिंह नगर की पुष्पा देवी को दिव्यांग खेल
- टिहरी गढ़वाल की सरिता कोठियाल को सामाजिक क्षेत्र
राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार लिए इनका हुआ चयन
अल्मोड़ा से सुनीता टम्टा, हेमा, बबीता अधिकारी और सीमा देवी, बागेश्वर से आनंदी देवी, चमोली से शकुन्तला विष्ट, गीता और रत्ना विष्ट, चम्पावत से तुलसी देवी, देहरादून से रश्मि पंत, पूनम और लक्ष्मी, हरिद्वार से अनीता, स्नेहलता, रानी और परवीन, नैनीताल से लीला, हंसा देवी और निर्मला टम्टा, पौड़ी गढ़वाल से माधुरी देवी, दर्शनी देवी, संगीता, तुलसी देवी और रेनू, पिथौरागढ़ से गंगा कार्की और सुनीता, रुद्रप्रयाग से सरस्वती, टिहरी गढ़वाल से सुषमा देवी, रोशनी देवी और पूनम देवी, ऊधम सिंह नगर से गुरप्रीत कौर, रामा विष्ट और शकुंतला पाल तथा उत्तरकाशी से रेखा जोशी का चयन किया गया है।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का बढ़ा सम्मान, अब मिलेगी 51 हजार की राशि
राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार योजना के तहत सम्मानित होने वाली प्रत्येक कार्यकत्री को 51,000 रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र प्रदान किए जाएंगे। सम्मान राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। सरकार ने कार्यकत्रियों के प्रोत्साहन को बढ़ाते हुए सम्मान राशि को पूर्व के 21,000 रुपये से बढ़ाकर 51,000 रुपये कर दिया है।
