Drug-Free Youth Campaign Begins in Uttarakhand, Over 800 Students Take Pledge at CIMS College Dehradun
- युवाओं की भागीदारी से बनेगा नशा मुक्त भारत का सपना साकार
- सीआईएमएस में गूंजा जागरूकता का संदेश
देहरादून@Rashtriy Vichar। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत उत्तराखंड में भी नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान की शुरुआत हो गई है। देहरादून के कुंआवाला स्थित सीआईएमएस कॉलेज में युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) और सजग इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

युवा दे सकते हैं अभियान को जनांदोलन का रूप: कार्यक्रम में सीआईएमएस कॉलेज के चेयरमैन एवं सजग इंडिया के संस्थापक एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही नशा मुक्त भारत अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दे सकती है। उन्होंने कहा कि सीआईएमएस कॉलेज का इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि सजग इंडिया पिछले 15 वर्षों से प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है।
नशा व्यक्ति ही नहीं परिवार व समाज को भी करता है प्रभावित: उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर सकारात्मक दिशा देना जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चल रहा यह 100 सप्ताह का अभियान देशभर में नशे के खिलाफ प्रभावी जनआंदोलन बनेगा।

विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन: कार्यक्रम के दौरान संगीत, लोकगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, माइम एक्ट, पेंटिंग, वाद-विवाद, भाषण, कविता और शॉर्ट फिल्म जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चयनित प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

नशे से दूर रहने का आह्वान: जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। मेरा युवा भारत की उप निदेशक मोनिका नंदा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है।
सैकड़ों युवाओं ने लिया संकल्प: कार्यक्रम के अंत में 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्त भारत निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर माय भारत उत्तराखंड के राज्य निदेशक राहुल डबराल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
