- भारी मतों के अंतर से सोहन सिंह माजिला को दी शिकस्त
- महामंत्री डॉ. अंकित जोशी और उपाध्यक्ष पद पर डॉ. भुवन जोशी जीते
देहरादून@RashtriyVichar। उत्तराखंड राजकीय शिक्षक संघ के बहुप्रतीक्षित और प्रतिष्ठित चुनाव में रविंद्र सिंह राणा ने प्रदेश अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. सोहन सिंह माजिला को भारी मतों के अंतर से पराजित किया। चुनाव परिणामों के साथ ही संघ की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन हो गया। उपाध्यक्ष पद पर डॉ. भुवन चंद्र जोशी, महामंत्री पद पर डॉ. अंकित जोशी, संयुक्त मंत्री पद पर विनोद कुमार जीना तथा कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. बद्री प्रसाद सेमवाल विजयी घोषित हुए।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में थे। रविंद्र सिंह राणा को सर्वाधिक 10,200 मत मिले, जबकि डॉ. सोहन सिंह माजिला को 5,851 और डॉ. कविंद्र मोहन उनियाल को 363 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार राणा ने 4,349 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की।
उपाध्यक्ष पद पर डॉ. भुवन चंद्र जोशी ने 4,354 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। नरेंद्र प्रसाद बंगवाल को 3,010, राकेश मोहन कंडारी को 2,167, विमल सिंह चौहान को 2,123, सपना तोमर को 2,089, वंदना चौधरी को 1,711 तथा जितेंद्र प्रसाद भारद्वाज को 863 मत मिले।
महामंत्री पद पर डॉ. अंकित जोशी को 3,793 मत प्राप्त हुए। कुलदीप भंडारी को 3,160, डॉ. हेमंत पैन्यूली को 2,637, गिरीश चंद्र पनेरू को 2,631, जगदीश सिंह बिष्ट को 2,230, अनिल कुमार बडोनी को 1,692 तथा डॉ. प्रमोद कुमार को 236 मत मिले।
संयुक्त मंत्री पद पर विनोद कुमार जीना ने 3,407 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। मदन मोहन सेमवाल को 3,281, पंकज कुमार ध्यानी को 3,032, कौशल कुमार को 2,160, राजेंद्र सिंह चौधरी को 1,936, मनवीर भारती को 1,377 तथा योगेश चंद्र जोशी को 1,137 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. बद्री प्रसाद सेमवाल ने 4,186 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके बाद सतेंद्र बिष्ट को 2,395, अर्जुन सिंह राणा को 2,117, अजय प्रकाश चौधरी को 1,895, अमरनाथ को 1,857, दुर्गा दत्त गुणवंत को 1,708, राजनारायण मिश्र को 1,097 तथा कांति शरण सिंह कठैत को 1,057 मत प्राप्त हुए।
राजकीय शिक्षक संघ के इस चुनाव में प्रदेशभर के शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। नई कार्यकारिणी से शिक्षकों को संगठन की मजबूती और उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी नेतृत्व की उम्मीद है।
शिक्षा निदेशक सिमल्टी ने की चुनाव परिणाम की घोषणा
शिक्षक संघ के चुनाव परिणाम की घोषणा रविवार को शिक्षा निदेशालय में माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिलल्टी ने की। उन्होंने सभी विजेता प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दी। सिमल्टी ने कहा कि शिक्षक संघ की नई कार्यकारिणी विद्यालयों में व्यवस्था के साथ पठन-पाठन बनाए रखने को प्राथमिकता के साथ सहयोग करेगी।
जनपदों ने शिक्षा निदेशालय को भेजे परिणाम
गौरतलब है कि शिक्षक संघ ने दो दिवसीय अधिवेशन व शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी आयोजित की थी। पहले दिन शुक्रवार को गोष्ठी और दूसरे दिन शनिवार संघ की प्रदेश कार्यकारिणी के लिए मतदान हुआ था। देर रात तक सभी जनपदों से मतगणना के बाद परिणाम निदेशालय को भेज दिए गए थे। इसके रविवार को परिणाम घोषित किए गए।
