- आस्था से जुड़े भ्रष्टाचार पर होगी सख्त कार्रवाई
- विपक्ष से जांच में सहयोग की अपील
हरिद्वार@RashtriyVichar। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने इसे आस्था से जुड़ा बेहद गंभीर और निंदनीय मामला बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निजी दौरे पर हरिद्वार पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग़ पासवान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिसने भी रामभक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ करते हुए भ्रष्टाचार किया है, उसे कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य सरकार इस मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेंगी और यदि जांच में कोई अधिकारी या पदाधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पासवान ने विपक्ष से भी इस मुद्दे पर राजनीति से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की। उनका कहना था कि यदि किसी के पास मामले से जुड़े तथ्य, साक्ष्य या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी है तो उसे जांच एजेंसी या एसआईटी के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए, ताकि निष्पक्ष जांच में सहायता मिल सके।
चिराग पासवान ने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से अधिक महत्वपूर्ण दोषियों को कानून के दायरे में लाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी धर्मस्थल से जुड़े भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इस दौरान लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश इकाई के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
