- भारी से अत्यधिक भारी बारिश के खतरे के बीच बड़ा फैसला
- प्रदेश के सभी जिलों में छात्रों के लिए एक दिन का अवकाश
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई 2026 को उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने संभावित खतरे को देखते हुए पूरे प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम की गंभीर स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के सभी जिलों के जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को एक दिवस का अवकाश घोषित किया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
प्रदेशभर के अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से प्रशासन ने अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
