Missing Woman Found Safe After Six-Day Search in Ranikhet Forest
- ड्रोन, डॉग स्क्वॉड और 6 विभागों की मेहनत लाई रंग
रानीखेत@Rashtriy Vichar। छह दिन से लापता 28 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, वन विभाग और डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीम ने घने जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। पांच दिनों तक लगातार चले सघन सर्च अभियान के बाद मंगलवार शाम सुंदरखाल के जंगल में युवती का पता चला।
मजखाली निवासी युवती एक जुलाई की शाम घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी तथा एसडीआरएफ प्रभारी पंकज डंगवाल के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया।
पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल, बूबूधाम सहित आसपास के दुर्गम जंगलों में ड्रोन कैमरों की मदद से व्यापक खोजबीन की। मंगलवार शाम सुंदरखाल गांव से करीब चार किलोमीटर दूर जंगल में युवती सुरक्षित मिली। प्राथमिक उपचार के बाद रेस्क्यू टीम उसे स्ट्रेचर के सहारे करीब छह किलोमीटर पैदल सड़क तक लाई, जहां से एंबुलेंस से राजकीय चिकित्सालय रानीखेत पहुंचाया गया।
प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी ने बताया कि युवती को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस और सभी रेस्क्यू एजेंसियों का आभार व्यक्त किया, जबकि स्थानीय लोगों ने संयुक्त अभियान की सराहना की।
