Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami Wins Hearts by Cooking Roti with Women at Tanakpur Seva Pakhwada
- वीआईपी नहीं, अपने जैसे दिखे मुख्यमंत्री धामी
टनकपुर@Rashtriy Vichar। सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सादगीपूर्ण और आत्मीय अंदाज रविवार को टनकपुर के बूम क्षेत्र में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान देखने को मिला। विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने औपचारिकताओं से इतर स्थानीय महिलाओं के बीच पहुंचकर उनके साथ पारंपरिक चूल्हे पर रोटी सेकी और सिलबट्टे पर चटनी भी पीसी। मुख्यमंत्री का यह सहज व्यवहार कार्यक्रम में मौजूद लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया।

महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय महिलाओं से आत्मीय बातचीत की और उनके कार्यों की सराहना करते हुए पारंपरिक पहाड़ी जीवनशैली से भी जुड़ाव दिखाया। चूल्हे पर रोटी सेंकते और सिलबट्टे पर चटनी पीसते मुख्यमंत्री को देखकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने भी मुख्यमंत्री की सादगी और अपनत्व की खुले दिल से सराहना की।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक टीका, पटका, कुमाऊँनी टोपी पहनाकर, पुष्पवर्षा तथा छोलिया नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

सेवा पखवाड़े के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने योजनाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की। हालांकि कार्यक्रम का सबसे यादगार पल वही रहा, जब मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के महिलाओं के साथ बैठकर चूल्हे पर रोटी बनाई और सिलबट्टे पर चटनी पीसी। उनके इस सरल और आत्मीय व्यवहार ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
