Educationist Lalit Joshi Honoured with ‘Nasha Mukt Mitra Award’ for Outstanding Anti-Drug Awareness Campaign
- 8 लाख युवाओं को नशे के खिलाफ किया जागरूक, बने ‘नशा मुक्त मित्र’
देहरादून@Rashtriy vichar। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए डेढ़ दशक से लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहे सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज एवं सजग इंडिया के अध्यक्ष, शिक्षाविद् ललित जोशी को भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने प्रतिष्ठित ‘नशा मुक्त मित्र अवार्ड’ से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें स्कूलों, महाविद्यालयों और समाज के विभिन्न वर्गों में नशामुक्ति के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
ललित जोशी अब तक 1500 से अधिक शिक्षण संस्थानों में 8 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं को युवा संवाद के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करा चुके हैं। उनके नेतृत्व में चल रहे अभियान ने हजारों युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है।
यह सम्मान हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के समापन समारोह में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार ने प्रदान किया। समारोह में स्वामी चिदानन्द सरस्वती, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, डॉ. चिन्मय पंड्या सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सम्मान मिलने पर ललित जोशी ने इसे सजग इंडिया के स्वयंसेवकों, शिक्षकों और युवाओं के सामूहिक प्रयासों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की नई प्रेरणा है। उन्होंने भविष्य में भी युवाओं को नशे से दूर रखने और जन-जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाने का संकल्प दोहराया।
17 जून से 26 जून तक चला अभियान: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा 17 जून से 26 जून तक ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ का आयोजन किया गया। इस अभियान का समापन मादक द्रव्यों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के साथ हुआ।
“नशामुक्त भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक नागरिक इस अभियान से जुड़े और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए निरंतर प्रयास करे।”
वीरेन्द्र कुमार,केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री
“यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि सजग इंडिया से जुड़े सभी स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं युवाओं के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है। यह पुरस्कार हमें नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।”
ललित जोशी,चेयरमैन-CIMS&UIHMT GROUPS.
