Nihang Sikhs Breach Uttarakhand Border, Enter Dehradun Amid Hemkund Sahib Standoff
- हेमकुंड साहिब जाने पर अड़े निहंगों ने तोड़ी बैरिकेडिंग
- धक्का -मुक्की के बीच लहराई तलवारें,जत्थे में महिलाएं भी शामिल
देहरादून@Rashtriy Vichar। निहंग सिक्खों द्वारा गत दिनों कर्णप्रयाग में किए गये बवाल के बाद गुरूवार को देहरादून पावंटा साहिब बार्डर पर भी खूब हंगामा खड़ा किया गया। श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा जाने की जिद पर अड़े निहंगों के बड़े जत्थे को रोकने में लगी पुलिस को खासी मस्शकत करनी पड़ी, बावजूद इसके कुछ निहंग पुलिस को चकमा देकर गुरुवार आधी रात के बाद देहरादून शहर में घुस गए और रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा जा पहुंचे,इनकी तादाद बीस से अधिक बताई गई, जिन्हें पुलिस बामुश्किल इन निहंगों को वापस हिमाचल प्रदेश की सीमा में स्थित पोंटा साहिब गुरुद्वारे तक पहुंचाया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार सुबह बताया कि कल 25 जून की रात्रि को कुछ निहंग श्रद्धालु पोंटा साहिब व अन्य मार्गो से देहरादून पहुंचे। जिनके साथ पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों द्वारा बातचीत की गई। विस्तृत बातचीत के बाद उन सभी को वापस पोंटा साहिब हिमाचल की तरफ भेजा गया।
गौरतलब है कि चमोली जनपद के कर्णप्रयाग में निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के विवाद के बाद गुरुवार रात देहरादून में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। चंडीगढ़ से हेमकुंड साहिब रवाना हुआ निहंग सिखों का पहला जत्था कुल्हाल में बैरिकेडिंग को तोड़ उत्तराखंड की सीमा में दाखिल हो गया। बताया जाता है कि करीब 200 निहंग सिख बल्लूपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग से दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर बढ़ गए। धर्मावाला समेत विभिन्न चौक चौराहा पर जत्थे को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई। जत्थे में शामिल कुछ निहंग सिख हवा में तलवारें और कृपाण भी लहरा रहे हैं।
निहंगों के प्रेम नगर पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया। कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। डीएम डा आशीष चौहान और एसएसपी प्रवेंद्र डोभाल खुद मौके पर पहुंच गए थे। इससे पहले शाम करीब साढ़े सात बजे हिमाचल प्रदेश सीमा पर स्थित पांवटा साहिब गुरुद्वारे में प्रशासन और पुलिस से वार्ता विफल होने के बाद निहंग सिखों का जत्था कुल्हाल चेक पोस्ट पर पहुंच गया था। यहां उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। लेकिन रात को निहंग सिख बैरिकेडिंग को तोड़कर उत्तराखंड की सीमा में दाखिल हो गए। कुछ निहंग सिखों ने दो डंपरों के शीशे तोड़ दिए। उसके बाद वह नारेबाजी करते हुए बल्लूपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गए। उन्होंने तलवारें और कृपाण लहराना शुरू कर दिया। जत्थे में युवक और युवतियां भी शामिल हैं।
