Health Minister Subodh Uniyal praises development work at municipal board oath ceremony
- नव निर्वाचित पालिका बोर्ड के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
- एसडीएम आशीष घिल्डियाल ने दिलाई शपथ
वाचस्पति रयाल @नरेन्द्रनगर।
नव निर्वाचित पालिका बोर्ड के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर कार्य करने की सोच के साथ ही शहर राज्य और देश का विकास संभव है।
बुधवार को पालिका के रामलीला मैदान में स्थित सोबन सिंह नेगी सामुदायिक विकास भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह बेहद उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रदेश के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि पालिका के पूर्ववर्ती अध्यक्षों के कार्यकालों के मुकाबले नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने पिछले कार्यकाल में दिखा दिया कि क्षेत्र या शहर को आगे बढ़ाने के लिए धरातल पर विकास कार्यों को कैसे तरजीह दी जाती है।
धरातल पर किये गये विकास कार्यों के सर्वेक्षण के बाद शहर ने प्रदेश में अपना उत्कृष्ट स्थान बनाया और प्रदेश में इस नगर को पहली बार खास पहचान मिली। यही वजह है कि प्रदेश के अग्रणी शहरों में आज नरेंद्रनगर की गिनती की जाती है।
उन्होंने कहा बाहर से आने वाले पर्यटक भी विकास कार्यों की तारीफ करते नहीं थकते हैं। उनियाल ने कहा कि किसी भी देश राज्य एवं शहर का विकास तभी संभव है जब प्रतिनिधि दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर विकास की सोच के साथ कार्य करें।
विकास में कांग्रेस अटकाती रोड़ा: उन्होंने विपक्षी कांग्रेस पर विकास कार्यों में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाते हुए,केंद्रीय विद्यालय का उदाहरण देते हुए कांग्रेस पर हमेशा नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया ।
विकास पर जनता लगाई मुहर: नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि विकास कार्यों के प्रति उनकी सोच पर शहर की जनता ने अपनी सहमति की मोहर लगाई है ,श्री पंवार ने कहा कि उनका उद्देश्य व्यक्तिगत कार्यों से ज्यादा सार्वजनिक कार्यों का होना जरूरी है। नवनिर्वाचित बोर्ड में शत प्रतिशत युवाओं के आने से शहर के विकास के लिए एक नई सोच के साथ सबको साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा।नव निर्वाचित अध्यक्ष ने आम जनता से अपील की है,
कि शहर के हित में कोई भी सुझाव हो तो वह सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं ।
महेश गुसाईं के संचालन में चले शपथ ग्रहण समारोह में परगना मजिस्ट्रेट आशीष चंद्र घिलियाल द्वारा नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार तथा सभासद ममता ,पुष्पा राणा, रेखा आर्य ,साकेत बिजल्वाण,सचिन भंडारी,रविंद्र नेगी तथा आभा पंवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई ।
मंत्री का किया अभिनंदन: इस अवसर पर नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पवार तथा उप जिलाधिकारी आशीष चंद्र घिलडियाल द्वारा संयुक्त रूप से कैबिनेट मंत्री सुबोध न्यायालय का माल्यार्पण व शाल भेंट कर स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी: तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन के अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान ,गोविंद सिंह चौहान, प्रकाश कांत ध्यानी, मदन लाल चमोली, पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, पूर्व पालिका अध्यक्ष विमला नेगी, प्रधानाचार्य पवन डियूंडी, अधिशासी अधिकारी एलम सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पहाड़ी शैली में बनी भड्डू की दाल एवं भात का पंक्तिबद्ध बैठकर सभी ने खूब आनंद लिया।
