Congress Submits Memorandum Over NEET Paper Leak and Exam Irregularities
वाचस्पति रयाल @नरेन्द्रनगर।
Neet व अन्य प्रतियोगितात्मक परीक्षाओं में पेपर लीक व धांधली के मामले में नरेंद्र नगर शहर कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के शहर अध्यक्ष सूरत सिंह आर्य के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिला अधिकारी आशीष घिल्डियाल के माध्यम से प्रेषित किया।
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों का कहना है कि देश- प्रदेश भर में प्रतियोगितात्मक परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए होनहार बच्चे कड़ी मेहनत करते हैं।
बड़ी उम्मीदों के साथ वे परीक्षायें देते हैं, मगर जब पेपर लीक की खबर सामने आती है,तो उनके ऊंचे अरमानों के सपने चकनाचूर होकर रह जाते हैं।
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक का ठीकरा भाजपा के सर फोड़ते हुए कहा कि यह सब भाजपा की नाकामी है, कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, अत्याचार, दुराचार, पेपर लीक, गुंडई चरम पर है।
कांग्रेसियों का कहना था कि देश के होनहार युवाओं को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस की मुहिम आंदोलन के रूप में निरंतर जारी रहेगी। कांग्रेस ने कहा वह देश के होनहार युवाओं के साथ हैं, उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।
कांग्रेसियों का कहना था कि बुरी तरह लकवा मार अव्यथित परीक्षा प्रणाली ने बच्चों की भविष्य पर ऐसा तुषारापात कर दिया है, कि कहीं भी भाजपा सरकार में न्याय न मिलने की उम्मीद छोड़ चुके बच्चे आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं।
सूरत सिंह आर्य सहित कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कहना था कि भाजपा के अन्यायपूर्ण राज में बेबसी में जीने को मजबूर आम जन मानस इस पक्षपात पूर्ण पार्टी से मुक्ति चाहते हैं।
कांग्रेसियों का कहना था कि देश में पीपर लीक मामले के कारण होनहार बच्चों का मनोबल टूटता जा रहा है, उनकी बरसों-बरसों की मेहनत पर पेपर लीक जैसे हैवानियत ने डाका डालकर जहां देश को शर्मसार कर दिया है, वहीं मेहनती बच्चों के जीवन पर पानी फेरने का काम कर दिया है।
कांग्रेसियों का कहना था कि इसे विडंबना नहीं तो और क्या कहेंगे कि, 2 मिनट देर से आने वाले बच्चों को परीक्षा में न बिठाकर उसके जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और पेपर लीक सरगनाओं को चौराहे पर नंगा करके,कड़ा दंड क्यों नहीं दिया जा रहा है? ताकि भविष्य में कोई ऐसी घिनौनी हरकत न कर सके।
कांग्रेसियों का कहना था कि यह मुद्दा छोटा नहीं है, हजारों मेहनती बच्चों के जीवन को बर्बाद करने का मामला है। कहा कि पेपर लीक मामले के दोषियों को गिरफ्तार कर उन्हें फांसी की सजा दी जानी चाहिए।
ताकि किसी के जीवन से खिलवाड़ करने वाले लोगों को ऐसा कुकृत्य करने से पहले ,100 बार सोचने को मजबूर होना पड़े। वार्ता के दौरान उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल ने कहा कि वे ज्ञापन को तुरंत उच्च अधिकारियों को प्रेषित कर देंगे।
इस मौके पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष सूरत सिंह आर्य, पूर्व पालिका अध्यक्ष दुर्गा राणा, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष राजेंद्र गुसाईं, महिला मोर्चा की अध्यक्ष आभा पंवार, उपाध्यक्ष रजनी, सभासद रबी नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह कैन्तुरा,व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र चांदपुरी, अरविंद रावत, महामंत्री महिला मोर्चा रजनी देवी आदि मौजूद थे।
