Emotional Farewell at Shaheed Belmati Chauhan Government College as Amita and Mukesh Prasad Get Promotion
- पोखरी महाविद्यालय में भावुक पल: जिन हाथों ने संवारा भविष्य, उनसे बिछड़ने पर छलका अपनापन
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर# Rashtriy Vichar#। पट्टी क्वीली के पोखरी स्थित शहीद बेलमती चौहान राजकीय महाविद्यालय में आयोजित विदाई समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि वह आत्मीय रिश्तों, सम्मान और भावनाओं का ऐसा संगम बन गया, जिसने हर आंख को नम कर दिया। वर्षों तक महाविद्यालय में अपनी सेवाएं देने वाली अमिता के सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष तथा मुकेश प्रसाद के वरिष्ठ सहायक पद पर पदोन्नत होने की खबर से जहां पूरे महाविद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ी, वहीं दोनों के स्थानांतरण की कसक हर चेहरे पर साफ दिखाई दी।
महाविद्यालय परिसर में जैसे ही दोनों के सम्मान में कार्यक्रम शुरू हुआ, विद्यार्थियों से लेकर शिक्षकों तक सभी की भाव-भंगिमाएं यह बता रही थीं कि यह विदाई सामान्य नहीं है। बच्चों की आंखों में अपने प्रिय मार्गदर्शकों से बिछड़ने का दर्द साफ झलक रहा था। अमिता की सहजता, अनुशासन और अपनत्व तथा मुकेश प्रसाद की कर्मठता, सहनशीलता और व्यवहार कुशलता ने वर्षों में विद्यार्थियों और स्टाफ के दिलों में विशेष स्थान बना लिया था।
कार्यक्रम के दौरान कई बार ऐसा माहौल बना जब पदोन्नति की खुशी और बिछोह का दुख एक साथ महसूस किया गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो महाविद्यालय परिवार अपने दो ऐसे अभिभावकों को विदा कर रहा हो, जिन्होंने केवल जिम्मेदारियां ही नहीं निभाईं, बल्कि बच्चों के भविष्य निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शशि बाला वर्मा सहित पूरे स्टाफ ने दोनों के कार्य व्यवहार, निष्ठा और समर्पण की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। सभी ने कहा कि पोखरी महाविद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के जीवन में उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
विदाई के क्षणों में अमिता और मुकेश प्रसाद भी भावुक नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों की सीख को जीवन में उतारने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यहां के स्टाफ और कार्य संस्कृति से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला, जिसे वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर दिनेश प्रताप सिंह, सरिता सैनी, डॉ० गणेश भागवत, डॉ० मुकेश सेमवाल, डॉ०बन्दना सेमवाल, श्रीमती रेखा नेगी, अंकित सैनी, नरेंद्र बिजल्वाण, सुनीता, नरेश रावत, दीवान सिंह, मूर्ति लाल मुख्य रूप से शामिल रहे।
