Rishabh Pant’s Secret Spiritual Visit to Adi Kailash and Om Parvat Creates Buzz in Uttarakhand
- गोपनीय आध्यात्मिक यात्रा पर आदि कैलाश पहुंचे ऋषभ पंत, ओम पर्वत के भी किए दर्शन
नदीम परवेज@ धारचूला। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज Rishabh Pant का हालिया सीमांत दौरा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार पंत ने अत्यंत गोपनीय तरीके से उत्तराखण्ड के पवित्र धार्मिक स्थलों आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए। खास बात यह रही कि उनके इस निजी दौरे की जानकारी स्थानीय प्रशासन और आम लोगों को भी पहले से नहीं मिल सकी।

सूत्रों के मुताबिक ऋषभ पंत सबसे पहले आदि कैलाश पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ओम पर्वत के दर्शन किए। आध्यात्मिक यात्रा पूरी करने के बाद वे व्यास घाटी के नाबी गांव स्थित एक होमस्टे में ठहरे। बताया गया कि उन्होंने स्थानीय निवासी सुरेंद्र सिंह नबियाल के होमस्टे में रात्रि विश्राम भी किया।

होमस्टे संचालक ने बताया कि पंत का पूरा कार्यक्रम निजी और गोपनीय रखा गया था। उनकी इच्छा के अनुरूप यात्रा को लो-प्रोफाइल रखा गया, इसलिए किसी प्रकार का प्रचार-प्रसार नहीं किया गया। हालांकि दारमा घाटी क्षेत्र में उनके पहुंचने की सूचना जैसे ही लोगों तक पहुंची, प्रशंसकों की भीड़ उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़ी। बढ़ती भीड़ को देखते हुए उन्होंने अपने कार्यक्रम को सीमित रखा और दर्शन के बाद धारचूला से वापस लौट गए।

सीमांत क्षेत्र के लोगों का मानना है कि देश की नामचीन हस्तियों का आदि कैलाश और ओम पर्वत जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंचना इस क्षेत्र की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान कर रहा है। ऋषभ पंत के इस निजी दौरे ने एक बार फिर सीमांत क्षेत्र की धार्मिक महत्ता को सुर्खियों में ला दिया है।
हालांकि Rishabh Pant अथवा प्रशासन की ओर से इस यात्रा को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सीमांत क्षेत्र में उनके इस गोपनीय दौरे की चर्चा लगातार बनी हुई है।
