Three Family Members Killed, Three Injured as Eco Van Plunges into Gorge on Dewal-Lohajung Road in Chamoli
- देवाल-लोहाजंग मार्ग पर शनिवार तड़के हुई दर्दनाक घटना
- तीन अन्य घायलों को हायर सेंटर भेजा
थराली | शनिवार तड़के चमोली जिले के देवाल-लोहाजंग मोटर मार्ग पर ल्वाणी गांव के समीप शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक ईको वैन अनियंत्रित होकर लगभग 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एयर एम्बुलेंस से देहरादून भेजने की तैयारी की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम देहरादून से ग्राम बाक (देवाल) निवासी भजन सिंह के पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस के माध्यम से गांव लाया जा रहा था। एम्बुलेंस के पीछे परिजन ईको वैन (संख्या UK07D-2979) में सवार होकर आ रहे थे। इसी दौरान ल्वाणी गांव के पास वाहन चालक का नियंत्रण खो बैठा और वैन गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में वाहन चालक बलवीर सिंह (52 वर्ष) पुत्र नारायण सिंह, उनकी पत्नी शांति देवी (48 वर्ष) तथा पुत्र आशीष बिष्ट (18 वर्ष) निवासी ग्राम बाक, देवाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे।
दुर्घटना में कविता देवी (32 वर्ष) पत्नी खुशाल सिंह, मयंक सिंह (8 वर्ष) पुत्र खुशाल सिंह तथा रोशनी (18 वर्ष) पुत्री लक्ष्मण सिंह, निवासी ग्राम बाक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए देहरादून रेफर किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
