Woman Injured After Scooter Collides With Elephant on Chakarpur-Banbasa Highway
Khatima@Rashtriy Vichar#। चकरपुर-बनबसा के बीच घने जंगल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूटी सवार शिक्षिका निकिता कापड़ी अचानक सड़क पार कर रहे हाथी से टकरा गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, श्रीपुर विछवा निवासी 23 वर्षीय निकिता कापड़ी टनकपुर से खटीमा स्थित हिंद पब्लिक स्कूल जा रही थीं, तभी बनबसा-चकरपुर के बीच हाथी अचानक सड़क पर आ गया और यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और हाथी का एक दांत टूटकर नीचे गिर गया।
घटना के बाद महिला ने साहस दिखाते हुए कुछ दूरी तक खुद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मौके पर मौजूद राहगीरों और शिक्षकों ने शोर मचाकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। सूचना पर चकरपुर पुलिस चौकी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल शिक्षिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि यह क्षेत्र हाथी कॉरिडोर है, जहां अक्सर हाथियों का आवागमन होता है। घटना के बाद हाथी के टूटे दांत को कब्जे में लेकर सुरक्षित रेंज कार्यालय भेज दिया गया है। साथ ही क्षेत्र में दो ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि वन्यजीवों की निगरानी की जा सके। वन विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है, खासकर रात और सुबह के समय जब वन्यजीवों की आवाजाही अधिक होती है।