Ravindra Singh Rana Honored with National Rural Empowerment Award in Uttarakhand
- रविन्द्र बोले- सभी ग्रामीणों के विश्वास और सहयोग की जीत
- प्रदेश के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रदान किया सम्मान
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। थौलधार विकासखंड की ग्राम पंचायत मंजखेत के पूर्व प्रधान एवं टिहरी जिला प्रधान संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा को उनके उल्लेखनीय विकास कार्यों के लिए राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण सशक्तिकरण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है।
उत्तराखंड हेरिटेज स्कूल ऑफ मीडिया एंड एडवांस्ड स्टडीज में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अपने गांव मंजखेत लौटते समय पत्रकारों से बातचीत में राणा ने कहा कि यह पुरस्कार उनके सामाजिक कार्यों और ग्रामीण विकास के प्रयासों की एक बड़ी पहचान है। उन्होंने इसे केवल व्यक्तिगत उपलब्धि न बताते हुए कहा कि यह उन सभी ग्रामीणों के विश्वास और सहयोग की जीत है, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया।
राणा ने कहा कि उनका लक्ष्य हमेशा से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा है, और वे आगे भी इसी दिशा में कार्य करते रहेंगे। उन्होंने विकास कार्यों में सहयोग देने के लिए क्षेत्र की जनता का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंत्री सुबोध उनियाल ने राणा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यक्षमता, संघर्षशीलता और विकास के प्रति समर्पण ही उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है। उन्होंने कहा कि राणा ने एक समर्पित जनप्रतिनिधि के रूप में ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और जनहित के कार्यों को जमीन पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में रानी पोखरी के प्रधान सुधीर रतूड़ी, श्री देव सुमन विश्वविद्यालय की परीक्षा नियंत्रक स्वाति नेगी, ग्राम पंचायत केदारवाला के पूर्व प्रधान इमरान, तबस्सुम, राजपाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
