- 16 फरवरी को कांग्रेस करेगी राजभवन कूच
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने राजधानी सहित उत्तराखंड में बढ़ते अपराधों और चरमराती कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
सोमवार को कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए धस्माना ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है और अपराधी बेखौफ होकर हत्या, लूट और दुष्कर्मजैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
धस्माना ने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राजधानी के व्यस्ततम मच्छी बाजार में युवती की दिनदहाड़े हत्या और ऋषिकेश व हरिद्वार में हुई हिंसक घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि प्रदेश अब सुरक्षित नहीं रह गया है।
उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि मृतका ने पहले ही पुलिस को अपनी जान के खतरे की सूचना दी थी, लेकिन पुलिस की लापरवाही के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
उन्होंने कहा कि राज्य में चोरी, डकैती और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। 16 फरवरी को देहरादून में होने वाले राजभवन घेराव में ‘ध्वस्त कानून व्यवस्था’ कांग्रेस का मुख्य एजेंडा होगा।
