- सनातन संस्कृति संरक्षण और युवाओं की भागीदारी पर जोर, बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु
नदीम परवेज@धारचूला। सीमांत क्षेत्र धारचूला के जुम्मा गांव स्थित कुला मैदान में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। सम्मेलन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और राष्ट्रहित की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारकों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर राजेंद्र नेगी, डॉ. वीरेंद्रानंद महाराज, प्रदीप रावत, धन सिंह धामी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने सम्मेलन को संबोधित किया।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता और संगठित समाज की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होता है तो राष्ट्र सशक्त बनता है। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे राष्ट्रनिर्माण की मुख्यधारा से जुड़कर सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाएं।
सम्मेलन के दौरान देशभक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत वातावरण ने उपस्थित जनसमूह में विशेष उत्साह का संचार किया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नारों के बीच पूरा कुला मैदान राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को निरंतर मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
