Munsyari Protest Enters 4th Day, Villagers Continue Relay Hunger Strike Over 50 Demands
- 50 सूत्रीय मांगों को लेकर सड़क, मुआवजा और नेटवर्क सुधार की उठी मांग
नदीम परवेेज@dharchula#Munsyari। मुनस्यारी क्षेत्र के शास्त्री चौक पर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। ग्राम प्रधान साईं पोलू गोविंद राम और रमेश सिंह बिष्ट धरने पर डटे रहे, जहां उन्होंने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
आंदोलन को क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और संगठनों का व्यापक समर्थन मिला। इसमें महिला मंगल दल, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, व्यापार संघ सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे। धरने की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य भावना विक्रम दानू द्वारा की जा रही है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ढीलम, साईं पोलू, साईभाट, लेंगा, मल्ला भदेली, सिन्नर, प्यांगती, मल्ला दारमा सहित कई गांव आजादी के 78 वर्ष बाद भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। इसके अलावा बोना क्षेत्र में सुरक्षात्मक कार्य, सड़क डामरीकरण, आपदा प्रभावितों को मुआवजा और नेटवर्क व्यवस्था सुधार जैसी 50 सूत्रीय मांगें प्रमुख हैं।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक जिलाधिकारी या कुमाऊं आयुक्त स्वयं धरना स्थल पर पहुंचकर समाधान नहीं करते, तब तक अनशन जारी रहेगा। साथ ही चेतावनी दी गई है कि मांगें पूरी न होने पर मदकोट–मुनस्यारी तिराहे पर बड़ा चक्का जाम किया जाएगा।
चार दिन बीत जाने के बावजूद प्रशासनिक स्तर से कोई अधिकारी धरना स्थल पर नहीं पहुंचा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
