Head Constable Posted at Jolly Grant State Guest House Dies in Suspicious Firing Incident in Dehradun
Deharadun@Rashtriy Vichar#। जौलीग्रांट एयरपोर्ट के स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात एक हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। घटना सोमवार देर रात रानीपोखरी थाना क्षेत्र के नागाघेर स्थित उनके आवास की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल सुनील (49) सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे अपने घर के बरामदे में मौजूद थे। इसी दौरान उनकी कार्बाइन से अचानक फायरिंग हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तत्काल उपचार के लिए हिमालयन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रानीपोखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक को उनकी ही कार्बाइन से कई गोलियां लगी हैं।
थानाध्यक्ष राजेंद्र खोलिया ने बताया कि घटना की परिस्थितियां सामान्य नहीं लग रही हैं, इसलिए हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक देहात जया बलोनी ने कहा कि पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
