Congress Protests Against Paper Leak Cases, Submits Memorandum Over Student Lathicharge
- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
- लाठीचार्ज मामले में कांग्रेस ने उठाई आवाज
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। देशभर में सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर युवाओं में बढ़ते आक्रोश के बीच कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को नरेंद्रनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में बेरोजगार छात्र-छात्राओं के आंदोलन के दौरान कथित पुलिस लाठीचार्ज और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ पुलिस के व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन किया।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष सूरत सिंह आर्य और पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम आशीष घिल्डियाल के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में पेपर लीक को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए सरकार की नाकामी करार दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे युवाओं पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार को युवाओं की चिंताओं को गंभीरता से लेना चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि रोजगार और परीक्षाओं की पारदर्शिता युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और युवाओं के हितों की रक्षा की मांग उठाई। प्रदर्शन में सभासद रवि नेगी, खेमकरण, दिनेश कुमार, मानवेंद्र सिंह रांगड़ और बिजेंद्र सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
