AIIMS Rishikesh Concludes International Nursing Week with Awards and Cultural Events
- AIIMS ऋषिकेश में अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग सप्ताह का समापन
- विविध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
ऋषिकेश@RashtriyVichar। एम्स ऋषिकेश में मनाए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग सप्ताह का बीते दिन भव्य समापन हो गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले नर्सिंग अधिकारियों और मेधावी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
6 मई से शुरू हुए इस सप्ताहव्यापी कार्यक्रम का आयोजन नर्सिंग सर्विसेज और कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। पूरे सप्ताह के दौरान क्लीनिकल नर्सेस और नर्सिंग छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान क्विज, पॉट पेंटिंग, पोस्टर, फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी, इनोवेटिव आइडिया प्रतियोगिता, जन-जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, स्कूल हेल्थ एजुकेशन और रिसर्च एब्स्ट्रैक्ट प्रस्तुति जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समापन एवं वैलेडिक्टरी समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल ले. जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को नर्सिंग एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया और सी.एन.ई. क्रॉनिकल का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग सेवा मानवता की सर्वोच्च सेवा है और अस्पतालों में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने नर्सिंग को अस्पताल की रीढ़ बताते हुए प्रतिभागियों और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। विशिष्ट अतिथि रिटायर्ड कर्नल बीनू शर्मा ने भी नर्सिंग सेवाओं की सराहना की।

समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को राज्यपाल, संस्थान की कार्यकारी निदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में क्लीनिकल नर्सेस, नर्सिंग छात्र-छात्राएं और अमेरिका की ब्रिघम यूनिवर्सिटी की नर्सिंग छात्राएं भी शामिल हुईं, जिससे कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिला।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्या श्री, मुख्य नर्सिंग अधिकारी डॉ. अनिता रानी कंसल, कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्य प्रो. स्मृति अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारी, फैकल्टी सदस्य और अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
