- देहरादून में झंडा मेले की भव्य शुरुआत, गुरु राम राय महाराज के जयकारों से गूंजा दरबार साहिब
देहरादून@रा.वि.। दून के ऐतिहासिक दरबार साहिब में रविवार को 94 फीट ऊंचे पवित्र झंडेजी के आरोहण के साथ प्रसिद्ध झंडा मेले का विधिवत आगाज हो गया। हजारों श्रद्धालुओं की जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच जैसे ही ध्वज दंड सीधा हुआ, पूरा परिसर जय गुरु राम राय महाराज के नारों से गूंज उठा और आस्था का महासागर उमड़ पड़ा।
सुबह से ही देश-विदेश से आई संगतें दरबार साहिब में जुटने लगी थीं। श्रद्धालुओं ने पवित्र ध्वज दंड को दूध, घी, शहद, गंगाजल और पंचगव्य से स्नान कराया। पूरी प्रक्रिया के दौरान झंडेजी को जमीन पर नहीं रखा गया, बल्कि श्रद्धालु इसे अपने हाथों पर थामे रहे। दोपहर में दर्शनी गिलाफ चढ़ने के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई इस पवित्र ध्वज को स्पर्श कर आशीर्वाद लेने को आतुर दिखाई दिया।
आरोहण के बाद महंत देवेंद्र दास महाराज ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झंडा मेला प्रेम, भाईचारे और शांति का संदेश देने वाला आध्यात्मिक उत्सव है। उन्होंने सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान झंडेजी के ऊपर एक बाज के परिक्रमा करने को श्रद्धालुओं ने गुरु राम राय महाराज की दिव्य उपस्थिति का प्रतीक माना, जिससे संगतों की श्रद्धा और गहरी हो गई।
मेले के भव्य दृश्य को अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए इस बार पांच बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गईं और फेसबुक-यूट्यूब के माध्यम से भी सीधा प्रसारण किया गया। देश के कई राज्यों के साथ-साथ विदेशों से आई संगतों ने भी झंडेजी के दर्शन कर गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया।
दरबार साहिब के पवित्र सरोवर में श्रद्धालुओं ने स्नान कर आस्था की डुबकी लगाई, वहीं विभिन्न संस्थाओं की ओर से लंगर सेवा भी आयोजित की गई। झंडाजी मेला आयोजन समिति ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए पुलिस, प्रशासन और दूनवासियों का आभार व्यक्त किया।
